GNDU कॉलेज पठानकोट का ऐतिहासिक प्रदर्शन, यूथ फेस्टिवल में लहराया परचम
पठानकोट के गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी कॉलेज ने यूथ फेस्टिवल में शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज का नाम रोशन किया है। अमृतसर में आयोजित इस यूथ फेस्टिवल में कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि कॉन्स्टिट्यूएंट कॉलेजों में पहला स्थान हासिल कर लिया, वहीं ओवरऑल प्रतियोगिता में भी तीसरा स्थान अपने नाम किया।
इस फेस्टिवल में विद्यार्थियों ने अलग-अलग सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लिया और अपने हुनर को सबके सामने रखा। विद्यार्थियों की मेहनत, लगातार प्रैक्टिस और टीम वर्क का ही नतीजा रहा कि कॉलेज को यह उपलब्धि हासिल हुई। इसमें शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग ने भी अहम भूमिका निभाई।
इसी खुशी के मौके पर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. कुलवंत सिंह रंधावा ने सभी विजेता विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और लगन का नतीजा है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी इसी तरह मेहनत करने और पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज की इस उपलब्धि से विद्यार्थियों और स्टाफ में खुशी का माहौल है। यूथ फेस्टिवल में हासिल की गई यह सफलता ना सिर्फ कॉलेज के लिए गर्व की बात है, बल्कि दूसरे विद्यार्थियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।












