पठानकोट के खड्डी पुल पर बोरी में मिला मृत बछड़ा, प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
पठानकोट के खड्डी पुल के पास एक अत्यंत शर्मनाक और विचलित करने वाली घटना सामने आई है, जहां किसी ने बोरी में भरकर एक मृत बछड़े को पानी के बहाव और सड़क किनारे फेंक दिया है. भारी बारिश और रुके हुए पानी के कारण यह बोरी सड़क के किनारे आ गई है, जिससे आवाजाही में भारी दिक्कतों के साथ-साथ गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा भी पैदा हो गया है. स्थानीय लोगों और युवाओं में इस बात को लेकर भारी रोष है कि यदि आज इस तरह मवेशियों को बोरियों में भरकर फेंका जा रहा है,
तो कल इंसानों के साथ भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं. स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे लगातार गंदगी, कूड़े और पानी के ठहराव की समस्या झेल रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन पूरी तरह कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है और कोई भी अधिकारी इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है
. जनता का सवाल है कि आखिर प्रशासन कब जागेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कब की जाएगी?











