पठानकोट के वार्ड नंबर 4 में नशे का कारोबार: दवा केंद्र की आड़ में फल-फूल रहा अवैध धंधा
पठानकोट:पठानकोट के वार्ड नंबर 4 से एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक ओर नशा छुड़ाओ दवा केंद्र संचालित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर इसी केंद्र की आड़ में खुलेआम नशे का काला कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है. इस गंभीर खुलासे को क्षेत्र के पूर्व पार्षद गौरव वडेरा और स्थानीय लोगों द्वारा सामने लाया गया है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस स्थिति के कारण शहर की युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में तेजी से बर्बाद हो रही है.
पूर्व पार्षद गौरव वडेरा ने बताया कि जिस जगह पर यह अवैध धंधा फल-फूल रहा है, उसके ठीक सामने सरकार द्वारा नशा पीड़ितों के इलाज के लिए ‘डॉट सेंटर’ (नशा मुक्ति केंद्र) बनाया गया है. लेकिन विडंबना यह है कि इस केंद्र के आसपास ही नशा तस्करों और पैडलर्स का हॉटस्पॉट बन गया है. यहाँ सुबह 7 बजे से लेकर रात के 10-11 बजे तक धड़ल्ले से गोलियों और नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त होती है. स्थिति यह है कि स्थानीय लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों का मंदिरों या गलियों से निकलना भी दूभर हो गया है. ग्रॉसरी स्टोर और शोरूम के बाहर खड़े होकर खुलेआम गाली-गलौज और हंगामा किया जाता है, जिससे आम नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है.
इस संबंध में स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार पुलिस प्रशासन तथा उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई गई है, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई न होने के कारण हालात जस के तस बने हुए हैं. लोगों और पूर्व पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस दिशा में कड़े कदम नहीं उठाए गए, तो पंजाब को नशा मुक्त बनाने का अभियान केवल कागजी साबित होगा. क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि दवा केंद्र की आड़ में चल रहे इस अवैध कारोबार पर तुरंत रोक लगाई जाए और दोषी तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.











