बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू को पाकिस्तान से मिली जान से मारने की धमकी, 15 दिन में हमले का दावा; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू को पाकिस्तान से एक सनसनीखेज धमकी मिली है। एक विदेशी व्हाट्सएप नंबर से वॉइस मैसेज भेजकर उन्हें जान से मारने की चेतावनी दी गई है। मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम ‘मलिक एलेक्स’ बताया है और बिट्टू को अपनी बयानबाजी तुरंत बंद करने की हिदायत दी है।
धमकी भरे इस ऑडियो संदेश में दावा किया गया है कि अगले 5, 10 या 15 दिनों के भीतर उन पर बड़ा हमला किया जाएगा, जिसमें उनके साथ रहने वाले गनमैन और अन्य साथी भी नहीं बचेंगे। आरोपी ने यह भी कहा है कि इस हमले को अंजाम देने के लिए ‘किलो वाला डिब्बा’ यानी विस्फोटक सामग्री तैयार है। इस गंभीर धमकी के सामने आने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय, पंजाब पुलिस और खुफिया तंत्र पूरी तरह चौकन्ने हो गए हैं।
शुरुआती स्तर पर यह जांच की जा रही है कि यह रिकॉर्डिंग वास्तव में पाकिस्तान से आई है या फिर सुरक्षा तंत्र को गुमराह करने के लिए किसी वर्चुअल नंबर और वीपीएन (VPN) का इस्तेमाल किया गया है। पुलिस और साइबर सेल मामले की गहराई से छानबीन कर रहे हैं।











