अमरीका और डेनमार्क के बीच ग्रीनलैंड को लेकर ऐतिहासिक समझौता, ट्रंप ने बताया ‘अनंत काल’ का सुरक्षा सौदा
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने डेनमार्क और ग्रीनलैंड के साथ एक बड़े सुरक्षा समझौते का ऐलान किया है। इस डील के तहत अमरीका को ग्रीनलैंड की सुरक्षा पर स्थायी नियंत्रण मिल गया है, जिससे रूस और चीन जैसे देशों की आर्कटिक क्षेत्र में दखलंदाजी पर लगाम लगेगी।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए इस समझौते की जानकारी साझा की और इसे “अनंत जीवन” यानी अनंत काल तक चलने वाला समझौता करार दिया। ट्रंप के अनुसार, इस समझौते से अमरीका को ग्रीनलैंड में सुरक्षा और अन्य सभी रणनीतिक जरूरतों पर स्थायी नियंत्रण हासिल हो गया है। अब अमरीकी अनुमति के बिना कोई भी विरोधी देश वहां अपना सैन्य अड्डा स्थापित नहीं कर सकेगा और न ही संवेदनशील क्षेत्रों में निवेश कर पाएगा।
दूसरी ओर, डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसन और ग्रीनलैंड के नेतृत्व ने कहा है कि यह संभावित समझौता आर्कटिक और उत्तर अटलांटिक क्षेत्र में साझा सुरक्षा को मजबूत करेगा। साथ ही, यह डेनमार्क की संप्रभुता और ग्रीनलैंड के लोगों के अधिकारों का भी सम्मान करता है। वरिष्ठ अमरीकी अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से आर्कटिक क्षेत्र में रूस और चीन की बढ़ती रणनीतिक गतिविधियों पर रोक लगेगी और नाटो गठबंधन की स्थिति और अधिक मजबूत होगी।











