डिलीवरी बॉय का अपहरण कर मारपीट और लूटपाट: UPI पासवर्ड और कैश छीना, नरोट मेहरा पुल के पास फेंककर हुए फरार
सुजानपुर (पठानकोट ,पठानकोट के सुजानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते मलिकपुर गोल चौक के पास देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महिंद्रा एक्सयूवी कार सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक स्विगी डिलीवरी बॉय का अपहरण कर मारपीट की और जबरन कैश, मोबाइल व UPI पिन हासिल कर लूटपाट को अंजाम दिया। सुजानपुर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑर्डर का इंतजार कर रहा था युवक
खानपुर निवासी शिकायतकर्ता राकेश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह दिन में स्कूल वाहन चलाता है और शाम को स्विगी कंपनी में होम डिलीवरी बॉय का काम करता है। बीती रात करीब 12:30 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल (PB-35-AJ-5359) पर सुजानपुर में डिलीवरी देने के बाद मलिकपुर गोल चौक के पास नए ऑर्डर का इंतजार कर रहा था।
XUV सवार 3 युवकों ने किया अगवा
इसी दौरान सुजानपुर की ओर से एक काले रंग की महिंद्रा एक्सयूवी गाड़ी (PB-02-CJ-7876) आई। गाड़ी में सवार तीन युवकों (दो पगड़ीधारी और एक बिना पगड़ी वाला) ने नीचे उतरकर उससे वहां खड़े होने का कारण पूछा। डिलीवरी बॉय का काम बताने पर आरोपियों ने उसे जबरन कार में घसीट लिया और सरना ओवरब्रिज के पास सुनसान इलाके की ओर ले गए।
मारपीट कर UPI और डिस्प्ले लॉक हासिल किया
आरोपियों ने चलती गाड़ी और सुनसान जगह पर राकेश के साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकियां दीं। बदमाशों ने उससे:
- नकदी व मोबाइल: 2 सिम कार्ड वाला मोबाइल फोन और पर्स में पड़े ₹1,800 नकद छीन लिए।
- पासवर्ड: मारपीट कर मोबाइल का डिस्प्ले लॉक और UPI पिन/नंबर हासिल कर लिया।
- बैंक खातों में सेंध: पीड़ित के अनुसार, उसके एक बैंक खाते में ₹700 और दूसरे खाते में लगभग ₹10,000 से ₹12,000 थे, जिन्हें आरोपियों द्वारा ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाने का अंदेशा है।
नरोट मेहरा पुल के पास फेंककर भागे, मामला दर्ज
लूटपाट के बाद आरोपियों ने पीड़ित को नरोट मेहरा पुल के पास गाड़ी से नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर थाना सुजानपुर के ASI नरेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात तीन एक्सयूवी सवारों के खिलाफ BNS की धारा 309(4) (डकैती/लूटपाट), 140(3) (अपहरण) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।











