बसंत कॉलोनी में सीवरेज ओवरफ्लो और गंदगी की समस्या का समाधान; नगर निगम की कार्रवाई से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
पठानकोट:बसंत कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही सीवरेज ओवरफ्लो और गंदगी की गंभीर समस्या आखिरकार दूर हो गई है। स्थानीय चैनल द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर निगम की टीम हरकत में आई और तुरंत मौके पर पहुंचकर सफाई करवाई।
चार-पांच महीने से थी परेशानी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे पिछले 4-5 महीनों से सीवरेज की समस्या से जूझ रहे थे, जिसके कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार गुहार लगाने के बाद भी जब सुनवाई नहीं हुई, तो उन्होंने मीडिया का सहारा लिया। खबर प्रसारित होने के तुरंत बाद नगर निगम ने ऐक्शन लेते हुए क्षेत्र में सफाई अभियान चलवाया और सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त किया।
लोगों ने जताया आभार
समस्या का समाधान होने के बाद स्थानीय निवासियों ने चैनल और नगर निगम प्रशासन का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया है। लोगों का कहना है कि मीडिया के सहयोग और निगम की त्वरित कार्रवाई से उन्हें इस नरकीय जीवन से मुक्ति मिली है।











