पठानकोट में नशे में धुत्त युवकों का वीडियो वायरल, भाजपा विधायक अश्विनी शर्मा ने मान सरकार पर साधा तीखा निशाना
पठानकोट: पठानकोट के दौलतपूर ढाकी इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नशे में धुत्त दो युवक एक खाली प्लॉट में दीवार के साथ बेसुध गिरे हुए दिखाई दे रहे हैं। बुधवार दोपहर के इस 54 सेकंड के वायरल वीडियो में दोनों युवकों के शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही है, हालांकि एक युवक के हाथ की उंगली हिलती हुई दिखाई दे रही है। इस मामले पर जब पुलिस का पक्ष जानने के लिए एसपी जगदीश अत्री को फोन किया गया, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।
इस वायरल वीडियो को लेकर पठानकोट के विधायक एवं पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कड़े सवाल खड़े किए हैं और पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के दावों की पोल खोली है। अश्विनी शर्मा ने सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए निम्नलिखित मुख्य बातें कहीं:
- पठानकोट की गली-गली में बिक रहा नशा: अश्विनी शर्मा ने कहा कि पठानकोट हमेशा से शांति, भाईचारे और अमन-चैन वाला शहर रहा है, लेकिन आम आदमी पार्टी के शासनकाल में यहां गली-गली तक चिट्टे और नशे की बीमारी पहुंच चुकी है। मान सरकार का साढ़े चार साल का कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन स्थिति सुधरने के बजाय लगातार बिगड़ती जा रही है। पंजाब को नशा मुक्त बनाने के बड़े-बड़े दावे करके सत्ता में आए लोगों के राज में आज हर गली-मोहल्ले में सरेआम नशा बिक रहा है और अनगिनत माताओं के लाल नशे की भेंट चढ़ चुके हैं।
- प्रशासन की शह और सरकार की नाकामी पर उठाए सवाल: भाजपा विधायक ने तीखा सवाल पूछते हुए कहा कि क्या यह सब सरकार की मर्जी या पुलिस-प्रशासन की शह के बिना संभव हो सकता है। पंजाब पुलिस अपनी बहादुरी के लिए जानी जाती है, लेकिन आज वह नशे के कारोबार को रोकने में इतनी बेबस क्यों नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार केवल भाषणबाजी, chutkulebaaji और करोड़ों रुपए की विज्ञापनबाजी तक सीमित होकर रह गई है, जबकि धरातल पर माताओं-बहनों से उनके बेटे और भाई छीने जा रहे हैं।
- सरकार नाम की चीज नहीं, अपने परिवारों की खुद करें सुरक्षा: पठानकोट के नागरिकों को सचेत करते हुए अश्विनी शर्मा ने भावुक अपील की कि आज पंजाब में ‘सरकार’ नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। इसलिए शहरवासी अपने बच्चों और परिवारों का ध्यान खुद रखें और उन्हें इस नशे के जाल से बचाएं, क्योंकि इस निकम्मी सरकार से अब किसी सुरक्षा या सुधार की उम्मीद नहीं की जा सकती है।











