गुरदासपुर में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: पुलिस ने दो मामलों में 1 किलो 651 ग्राम हेरोइन के साथ तीन तस्कर किए गिरफ्तार
पंजाब सरकार और पुलिस के नशा विरोधी अभियान के तहत गुरदासपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 1 किलो 651 ग्राम हेरोइन बरामद की है और इस सिलसिले में तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई दीनानगर और दौरांगला थाना क्षेत्रों में की गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डी.एस.पी. राजिंदर मिन्हास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पहला मामला दीनानगर थाना क्षेत्र का है। यहाँ पुलिस पार्टी ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान एक स्कूटी (नंबर PB-05-AV-9117) को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो उसमें सवार दो लोगों के कब्जे से 548 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने इस मामले में हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, दोनों निवासी चाँगली कदीम (थाना कुलगढ़ी, जिला फिरोजपुर) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जाँच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उनके खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। दीनानगर थाने में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
दौरांगला थाना क्षेत्र में भी हुई भारी बरामदगी
दूसरे मामले में दौरांगला थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 किलो 103 ग्राम हेरोइन बरामद की। इस मामले में पुलिस ने मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना, निवासी इस्लामपुर (थाना दौरांगला) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी खेप
प्राथमिक जाँच में यह खुलासा हुआ है कि बरामद की गई यह भारी-भरकम हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में भेजी गई थी। पुलिस अब इस अंतर्राष्ट्रीय नेक्सस के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स को खंगालने में जुटी है। डी.एस.पी. राजिंदर मिन्हास ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस खेप को आगे किसे डिलीवर किया जाना था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।











