कालका-शिमला रेलमार्ग: गुमान-टक्सान के बीच ट्रैक धंसने से 11 सितंबर तक ट्रेनें रद्द, अब शिमला-धर्मपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
अंबाला/शिमला:कालका-शिमला हेरिटेज रेलमार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है। गुमान और टक्सान स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक के नीचे से मिट्टी बह जाने के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रबंधन ने कालका और शिमला के बीच चलने वाली सभी ट्रेनों को आगामी 11 सितंबर तक रद्द कर दिया है।
हालांकि, यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए रेलवे प्रशासन ने शिमला और धर्मपुर के बीच एक वैकल्पिक ट्रेन चलाने का बड़ा फैसला किया है। उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल कार्यालय की ओर से इस संबंध में बुधवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
4 सितंबर से शुरू होगा संचालन
निर्धारित योजना के अनुसार, ट्रेन संख्या 52453/52454 का संचालन 4 सितंबर (शुक्रवार) से शुरू हो जाएगा। यह ट्रेन शिमला और धर्मपुर के बीच अपनी सेवाएं देगी, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
ट्रेन की समय-सारणी (टाइम टेबल)
- धर्मपुर से शिमला: यह ट्रेन धर्मपुर से प्रतिदिन सुबह 7:50 बजे रवाना होगी और पूर्वाहन 11:50 बजे शिमला पहुंचेगी।
- शिमला से धर्मपुर: वापसी में यह ट्रेन शाम 5:45 बजे शिमला से प्रस्थान करेगी और रात 9:11 बजे धर्मपुर पहुंचेगी।
7 कोचों वाली होगी रैक, वीरवार को हुआ ट्रायल
इस रूट पर सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए वीरवार दोपहर 2 बजे ट्रेन संख्या 52453 की खाली कोचिंग रैक शिमला से धर्मपुर के लिए रवाना की गई। इस विशेष रैक में कुल 7 कोच जोड़े गए हैं, जिनमें—
- 1 जीएसआर (GSR)
- 2 जीएस (GS)
- 1 एफसीएस (FCS)
- 1 एफसी (FC)
- 1 सीटी (CT)
- 1 एसएलआर (SLR) कोच शामिल हैं।
पुल नंबर 57 के पास आई है खराबी
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, गुमान और टक्सान के बीच किलोमीटर संख्या 07/16-17 के पास स्थित ब्रिज नंबर 57 के नजदीक भारी बारिश के कारण मिट्टी बह गई है, जिससे ट्रैक का आधार कमजोर हो गया है। ट्रैक की मरम्म्त और सुरक्षा जांच का काम युद्धस्तर पर जारी है। अंबाला मंडल ने ट्रेन के सुरक्षित संचालन के लिए लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड) और शंटर सहित सभी संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।











