श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का विस्तार: तीन नए ट्रस्टी नियुक्त, जल्द होगा पहले CEO के नाम का ऐलान
अयोध्या:श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक में बुधवार को तीन नए ट्रस्टियों की नियुक्ति की गई है। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के निवास स्थान मणिरामदास छावनी में हो रही इस उच्चस्तरीय बैठक में कई प्रशासनिक बदलावों पर मुहर लग रही है।
किन्हें बनाया गया नया ट्रस्टी?
- महेश भालचंदका (दिल्ली): यह दिवंगत विश्व हिंदू परिषद (VHP) नेता अशोक सिंघल के रिश्तेदार हैं।
- मदन मोहन पांडेय (अयोध्या): स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक पकड़ और धार्मिक सहभागिता को देखते हुए इन्हें ट्रस्ट में शामिल किया गया है।
- निर्मला यादव (शिकोहाबाद): इन्हें भी ट्रस्ट के नए सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है।
जल्द होगी पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की घोषणा
ट्रस्ट अपनी प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए आज अपने पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के नाम की घोषणा कर सकता है। इस संबंध में चयन समिति ने अपने अंतिम नामों की सूची ट्रस्ट को सौंप दी है।
CEO की रेस में ये दिग्गज नाम सबसे आगे
शीर्ष पद के लिए बनी चयन समिति ने गहन मंथन के बाद नामों का पैनल तैयार किया है, जिसमें पूर्व पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के नाम प्रमुखता से शामिल हैं:
- राजेश पांडेय (पूर्व आईपीएस अधिकारी)
- परेश सक्सेना (पूर्व आईपीएस अधिकारी)
- योगेश्वर राम मिश्रा (पूर्व आईएएस अधिकारी)
- दिनेश चंद्र सिंह (पूर्व आईएएस अधिकारी)
पारदर्शी तरीके से हुई चयन प्रक्रिया
CEO के पद के लिए देश भर से 5,500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। चयन प्रक्रिया को पूरी तरह तकनीकी और पारदर्शी बनाते हुए योग्य उम्मीदवारों को 600 अंकों का एक विशेष गूगल फॉर्म हल करने के लिए दिया गया था। इसमें से 3,500 से अधिक लोगों ने फॉर्म भरकर जमा किए, जिसके आधार पर मार्किंग और शॉर्टलिस्टिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।
चयन प्रक्रिया को पूरा करने के लिए तीन सदस्यीय सर्च कमेटी का गठन किया गया था, जिसमें सेवानिवृत्त जस्टिस प्रमोद कोहली, सुरेश हावरे और विष्णुकांत चतुर्वेदी शामिल थे। इस समिति की रिपोर्ट के आधार पर आज होने वाले अंतिम फैसले के बाद मंदिर के पहले सीईओ के नाम पर आधिकारिक मुहर लग जाएगी।











