पठानकोट में वन्यजीव तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 179 दुर्लभ और सुरक्षित पक्षी बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार
पंजाब के पठानकोट में वन्यजीव संरक्षण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से दुर्लभ और सुरक्षित पक्षियों की तस्करी करने वाले एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान एक ठिकाने पर छापेमारी कर कुल 179 पक्षियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जिन्हें अवैध रूप से कैद कर रखा गया था।
मुकेरियां का रहने वाला आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान मौके से मुकेरियां के रहने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। वन्यजीव विभाग और पुलिस टीम फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन पक्षियों को कहां से लाया गया था और इन्हें आगे किन इलाकों में तस्करी के लिए भेजा जाना था।
पक्षियों का मेडिकल चेकअप जारी
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बरामद किए गए पक्षियों की स्वास्थ्य जांच करवाई जा रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि वन्यजीवों और सुरक्षित प्रजातियों के पक्षियों को पकड़ना, पालना या उनकी खरीद-फरोख्त करना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत एक गंभीर और गैर-जमानती अपराध है। विभाग ने इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में लिप्त अन्य लोगों की धरपकड़ के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।











