नूरपुर में कांग्रेस का भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन: खरगे से कथित जातीय भेदभाव पर जताया रोष
नूरपुर :हिमाचल प्रदेश के नूरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक अजय महाजन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद, उस स्थल का कथित तौर पर शुद्धिकरण किए जाने और जातीय भेदभाव फैलाने की घटनाओं के विरोध में आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने बैठकर भजन गाए और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की।
‘एक तरफ कलश यात्रा, दूसरी तरफ भेदभाव—यह भाजपा का दोहरा चरित्र’: अजय महाजन
पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व विधायक अजय महाजन ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा लाखों लोगों को संबोधित करने के बाद भाजपा नेताओं ने गंगाजल छिड़ककर और हवन कराकर स्थल के तथाकथित शुद्धिकरण का ढोंग रचा है।
महाजन ने इसे भाजपा की ‘दोहरी सोच’ और ‘विरोधाभास’ करार देते हुए कहा:
“एक तरफ भाजपा कलश यात्राएं निकालती है और दूसरी तरफ देश के इतने बड़े राष्ट्रीय नेता के कार्यक्रम के बाद शुद्धिकरण जैसा पाखंड करती है। यह सीधे तौर पर जातीय भेदभाव को बढ़ावा देने वाली हरकत है। ऐसे ढोंग और भेदभाव फैलाने वाले कृत्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से इस मुद्दे पर एक सांकेतिक धरना दिया गया और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह के कृत्य नहीं थमे तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।












