नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला: गुरुद्वारा माता साहिब कौर में निहंग ने कृपाण से किया वार, अस्पताल में भर्ती
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक बार फिर जानलेवा हमला हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, सुखबीर बादल अपने परिवार के साथ नांदेड़ साहिब पहुंचे थे। यह वारदात गुरुद्वारा माता साहिब कौर परिसर में घटी, जहां एक निहंग ने उन पर तेजधार हथियार (कृपाण) से हमला कर दिया।
इस हमले में सुखबीर सिंह बादल के हाथों में चोट आई है। वहीं, उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस कर्मी भी घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद सुखबीर सिंह बादल को उपचार के लिए यशोसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को दबोचा, जांच में जुटी पुलिस
हमले के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और श्रद्धालुओं ने तत्परता दिखाते हुए हमलावर को काबू में कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हमले की असली वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस द्वारा घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके।
4 दिसंबर 2024 को भी हुआ था जानलेवा हमला
उल्लेखनीय है कि सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब में भी हमला हुआ था। उस समय मुख्य द्वार पर उन पर 9mm की पिस्तौल से फायरिंग की गई थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। उस दौरान वह श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा सुनाई गई धार्मिक सजा काट रहे थे। पैर में फ्रैक्चर होने के कारण वह व्हीलचेयर पर बैठे थे और गले में पट्टी, नीली पोशाक तथा हाथ में भाला लेकर पहरेदार के रूप में सेवा दे रहे थे।











