AMI News: 15 साल का लंबा इंतजार खत्म, फिनासिंह परियोजना के लिए 60.26 करोड़ रुपये की नई किश्त जारी
नूरपुर (हिमाचल प्रदेश):हिमाचल प्रदेश के नूरपुर क्षेत्र के निवासियों और किसानों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से लंबित फिनासिंह बहुउद्देशीय परियोजना (Finasingh Multipurpose Project) के लिए केंद्र सरकार ने 60.26 करोड़ रुपये की नई किश्त जारी कर दी है। 643 करोड़ रुपये की कुल अनुमानित लागत से बनने वाली इस महत्वकांक्षी परियोजना से नूरपुर की 11 पंचायतों के लगभग 26,000 लोगों और स्थानीय किसानों को सिंचाई की बेहतरीन सुविधा मिलेगी।
पूर्व विधायक अजय महाजन ने जताया आभार
परियोजना के लिए बजट जारी होने पर पूर्व विधायक अजय महाजन ने केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उनके पिता, स्व. सत महाजन का एक ड्रीम प्रोजेक्ट थी, जिसका सपना उन्होंने वर्षों पहले देखा था।
अजय महाजन ने कहा:
”यह योजना क्षेत्र के कृषि क्षेत्र की दशा और दिशा दोनों बदल देगी। इससे न केवल सिंचाई में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। अब उम्मीद है कि काम में तेजी आएगी ताकि किसानों का सपना जल्द से जल्द साकार हो सके।”
परियोजना के प्रमुख बिंदु:
- कुल लागत: ₹643 करोड़
- हालिया किश्त: ₹60.26 करोड़
- लाभान्वित क्षेत्र: 11 पंचायतें
- लाभार्थी: लगभग 26,000 लोग एवं स्थानीय किसान
- मुख्य उद्देश्य: सिंचाई सुविधा में सुधार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि













