राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मिले 300 उपहारों की ई-नीलामी शुरू
‘ई-उपहार’ के तीसरे चरण की शुरुआत; नीलामी से मिलने वाली राशि का उपयोग समाज कल्याण कार्यों में होगा
नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को विभिन्न अवसरों पर भेंट किए गए 300 प्रमाणित उपहारों की ई-नीलामी की प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है। यह नीलामी राष्ट्रपति भवन की विशेष पहल ‘ई-उपहार’ (e-Upahaar) के तीसरे चरण का हिस्सा है। इस अनोखी पहल का मुख्य उद्देश्य आधिकारिक और औपचारिक अवसरों पर राष्ट्रपति को मिले उपहारों को समाज कल्याण और जनकल्याणकारी कार्यों के संसाधनों में बदलना है।
राष्ट्रपति भवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस तीसरे चरण में शामिल 300 प्रामाणिक कलाकृतियां और उपहार भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, उत्कृष्ट हस्तशिल्प और कूटनीतिक विरासत को प्रदर्शित करते हैं।
विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और गणमान्य व्यक्तियों के उपहार शामिल नीलामी की इस सूची में विभिन्न देशों के राष्ट्रप्रमुखों, शासनाध्यक्षों, संवैधानिक अधिकारियों, राज्य सरकारों, विभिन्न मंत्रालयों, सांस्कृतिक संस्थानों और देश-विदेश की प्रतिष्ठित शख्सियतों द्वारा राष्ट्रपति मुर्मू को भेंट की गई विशेष वस्तुएं शामिल हैं।
वेबसाइट पर ऑनलाइन बोली लगा सकेंगे नागरिक राष्ट्रपति भवन के अनुसार, देश का कोई भी नागरिक इन ऐतिहासिक और कलात्मक उपहारों को देखने और ई-नीलामी में भाग लेने के लिए आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी बोली लगा सकता है। नीलामी से प्राप्त होने वाली समस्त राशि का उपयोग महिला एवं बाल विकास तथा अन्य सामाजिक कल्याण योजनाओं में किया जाएगा।











