एनएच-154ए पर भीषण हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी ऑल्टो कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
संवाददाता: जितेंद्र मेहरा स्थान: चंबा : हादसे का स्थल: पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग (NH-154A), लाहाड़ और भटौली गांव के बीच।
- वाहन क्रमांक: HP-48 A 8534 (मारुति ऑल्टो K10)
- वजह: भारी बारिश, घना कोहरा और अनियंत्रित वाहन।
- मृतक: एक ही परिवार के 5 सदस्य।
चंबा:जिला के पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग (NH-154A) पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गांव लाहाड़ और भटौली के बीच उस समय पेश आया, जब एक मारुति ऑल्टो K10 कार (HP-48 A 8534) अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी।
चंडीगढ़ से पैतृक गांव लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार चंडीगढ़ से अपने पैतृक गांव गैहरा (भरमौर) की ओर जा रहा था। तड़के जैसे ही वाहन लाहाड़ के समीप पहुंचा, क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश और घने कोहरे के कारण चालक दृश्यता कम होने से वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे खाई में समा गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया बचाव अभियान
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल डलहौजी भिजवाया गया।
पुलिस जांच जारी
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक स्तर पर मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और परिजनों को सूचित किया जा रहा है।















