मामनू, अरूण ठाकुर
डिफेंस रोड स्थित चचेली अड्डे पर आज सुबह एक हार्डवेयर की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुकान के भीतर रखा करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का सारा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। पीड़ित दुकानदार जगदीश सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह सुबह दुकान का शटर खोलकर बाहर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। इसी दौरान दुकान में चल रहे कूलर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकानदार जब तक कुछ समझ पाते, पूरी दुकान आग की लपटों से घिर चुकी थी। वहीं मौके पर प्रत्यक्षदर्शी राजीव शर्मा ने बताया मैं यहाँ से निकल रहा था, तभी मैंने देखा कि दुकान के भीतर आग का एक बड़ा बवंडर उठ रहा है। आग इतनी तेज थी कि शटर खुला होने के बावजूद अंदर जाना नामुमकिन था। जिसके चलते मौके पर फायर ब्रिगेड को सूचित किया। ड्यूटी पर तैनात फायरमैन उमेश कुमार ने बताया दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही हमारी टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंच गई। हमारी टीम ने आते ही तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया। और आग लगने का मुख्य कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट लग रहा है। इस अचानक हुए हादसे ने पीड़ित दुकानदार के सामने रोजी-रोटी का गहरा संकट खड़ा कर दिया है। पीड़ित दुकानदार जगदीश सिंह ने बताया कि उनकी मेहनत की कमाई इस आग की भेंट चढ़ गई है। जिसके चलते उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाते हुए करीब 2 लाख रुपये के आर्थिक मुआवजे की मांग की है, ताकि वह अपनी दुकान को फिर से खड़ा कर सकें।








