पठानकोट में भीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस और ट्रक में जोरदार टक्कर, 15-20 लोग घायल

पठानकोट:पठानकोट के गांव नरोट जैमल सिंह के पास एक भीषण सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। यहाँ यात्रियों से भरी एक बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खेत में जा गिरी।

राधा स्वामी सत्संग भवन जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, बस (नंबर- JK 02 C 8181) सवारियों को लेकर जम्मू-कश्मीर से राधा स्वामी सत्संग भवन की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक चीनी से लदे ट्रक के साथ उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

स्थानीय लोगों ने की मदद, 15-20 सवारी मामूली घायल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में करीब 15-20 सवारियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है कि यह हादसा किसकी लापरवाही के कारण हुआ।








