तरनतारन: सड़क किनारे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
सराय अमानत खां के गांव बुर्ज 169 की घटना, शरीर पर मिले चोटों के निशान, जांच में जुटी पुलिस

तरनतारन: जिले के थाना सराय अमानत खां के अंतर्गत आते गांव बुर्ज 169 में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। युवक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह गांव बुर्ज 169 के पास से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचित किया गया। मृतक युवक ने चेकदार कमीज और काले रंग की पैंट पहनी हुई थी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त की कोशिशें तेज कर दी हैं। वारदात के कारणों और आरोपियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस इलाके और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है। शुरुआती जांच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवक की किसी अन्य जगह पर हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है।
क्या कहते हैं अधिकारी?
“शनिवार सुबह युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही मृतक की पहचान कर ली जाएगी।”
— सुखदीप सिंह, डीएसपी सिटी








