बड़ी खबर: पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार, ED की टीम चंडीगढ़ से लेकर दिल्ली रवाना

चंडीगढ़ : पंजाब की राजनीति में आज उस समय हड़कंप मच गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता और कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार सुबह शुरू हुई छापेमारी के बाद दोपहर को ED ने यह बड़ी कार्रवाई की। ताजा जानकारी के अनुसार, ED की टीम अरोड़ा को उनके चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-2 के सरकारी आवास से लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है, जहाँ उनसे आगे की पूछताछ की जाएगी।

सुबह 7 बजे 20 गाड़ियों के काफिले के साथ दबिश
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह ठीक 7 बजे ED के अधिकारियों का एक बड़ा दल करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ संजीव अरोड़ा के सरकारी आवास पर पहुँचा। अचानक हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। टीम ने घर के अंदर जाते ही सभी प्रवेश द्वारों को सील कर दिया और दस्तावेजों की सघन जांच शुरू की। जांच के दौरान किसी को भी अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
एक महीने में दूसरी और साल में तीसरी रेड
संजीव अरोड़ा पर जांच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। यह उनके खिलाफ ED की एक साल में तीसरी और एक महीने के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई है। सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला दिल्ली में दर्ज एक केस से जुड़ा है, जिसकी जांच दिल्ली ED यूनिट कर रही है। छापेमारी के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए हैं।
चंडीगढ़ से दिल्ली का सफर: अब मुख्यालय में होगी पूछताछ
करीब 7-8 घंटे चली लंबी पूछताछ और तलाशी के बाद दोपहर को ED ने उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें चंडीगढ़ से दिल्ली ले जाया जा रहा है। दिल्ली स्थित ED मुख्यालय में उन्हें पेश किया जाएगा, जहाँ मामले के मुख्य पहलुओं और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े संदिग्ध लेन-देन को लेकर सवाल-जवाब किए जाएंगे।

राजनीतिक गलियारों में हलचल
संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद पंजाब से लेकर दिल्ली तक की राजनीति गरमा गई है। आम आदमी पार्टी ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है, जबकि विपक्षी दल इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बता रहे हैं।








