पठानकोट में त्योहारी सीजन से पहले ट्रैफिक पुलिस सख्त, नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटे
पठानकोट शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहा है। त्योहारों के सीजन और शादियों के माहौल को देखते हुए शहर के प्रमुख चौराहों और बस स्टैंड के पास ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है।
त्योहारों के दिनों में बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण व अवैध पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इस समस्या से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस नगर निगम की टीम के साथ मिलकर लगातार कार्रवाई कर रही है ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी गाड़ियां निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें, जैसे वाल्मीकि चौक, वेटरनरी अस्पताल, काली माता मंदिर के पास और एसडीएम कोर्ट के सामने वाली जगहों पर। बाजार के अंदर अत्यधिक भीड़भाड़ से बचने के लिए तय स्थानों पर ही वाहन खड़े करना अनिवार्य है।
ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखने वालों के खिलाफ विभाग की ओर से लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। गाड़ियों में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगवाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने और ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ तुरंत चालान काटे जा रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने जनता को यह भी निर्देश दिया है कि त्योहारी सीजन के दौरान यदि किसी को भी कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु दिखाई दे, तो उसे बिल्कुल न छुएं। ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस विभाग को सूचना दी जानी चाहिए ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।










