अमन भल्ला ग्रुप की फ्रेशर पार्टी ‘तारुफ-2026’ में पंजाबी गायिका गुरलेज अख्तर के गीतों पर जमकर झूमे विद्यार्थी, 2500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां
अमन भल्ला ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आयोजित फ्रेशर पार्टी ‘तारुफ-2026’ उत्साह, उमंग और मनोरंजन के साथ संपन्न हुई। इस विशाल समारोह में 2500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अमन भल्ला ग्रुप के प्रेजिडेंट रमन भल्ला, चेयरपर्सन अनु भल्ला और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. पूजा ओहरी ने दीप प्रज्ज्वलित करके और मां सरस्वती की वंदना के साथ किया।
समारोह में विद्यार्थियों ने हिप-हॉप, स्टेज शो, एक्टिंग, कोरियोग्राफी, एकल व समूह नृत्य और फैशन शो जैसी रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आकर्षक परिधानों और आत्मविश्वास के साथ मंच पर उतरे विद्यार्थियों ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। इस दौरान कॉमेडियन कैंडी सिंह और कॉमेडियन व एक्ट्रेस नवनीत कौर ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों की मंचीय प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का आकलन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रेजिडेंट रमन भल्ला ने कहा कि नए विद्यार्थी देश के भविष्य की नींव हैं, जो आगे चलकर विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम रोशन करेंगे। वहीं चेयरपर्सन अनु भल्ला ने संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और सुरक्षित माहौल देने की प्रतिबद्धता को दोहराया। मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. पूजा ओहरी ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ एक जिम्मेदार व अनुशासित नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
इस फ्रेशर पार्टी का मुख्य आकर्षण मशहूर पंजाबी गायिका गुरलेज अख्तर की लाइव प्रस्तुति रही। उन्होंने ‘साइड विंडो’ गीत से शुरुआत करते हुए ‘रौले’, ‘स्टबर्न’, ‘रेड आईज’, ‘शहर पटिया’, ‘हलचल’, ‘एंकलेट्स’, ‘डिफेंडर’, ‘प्रोहिबिटेड’ और ‘सरूर’ जैसे अपने लोकप्रिय गानों पर विद्यार्थियों को झूमने के लिए मजबूर कर दिया।
समारोह के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गौरव (एमबीए) को ‘मिस्टर फ्रेशर’ और किरण (एमबीए) को ‘मिस फ्रेशर’ चुना गया। इसके अलावा शाइना (एमबीए) को ‘मिस गॉर्जियस’, रोनित को ‘मिस्टर हैंडसम’, सिमरन को ‘मिस वेल ड्रेस्ड’ तथा यश (बीटेक) को ‘मिस्टर वेल ड्रेस्ड’ के खिताब से नवाजा गया। कार्यक्रम में संस्थान के सभी प्रिंसिपल्स, डीन और फैकल्टी मेंबर्स मौजूद रहे।










