रमा चोपड़ा कॉलेज से आर्या गर्ल्स कॉलेज तक की सड़क बदहाल, 11 लाख के बजट से हो रही सिर्फ खानापूर्ति
पठानकोट के रमा चोपड़ा कॉलेज से आर्या गर्ल्स कॉलेज तक जाने वाली मुख्य सड़क पिछले 15 से 20 वर्षों से अपनी बदहाली के आंसू रो रही है। इस सड़क के जर्जर हाल होने के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों, वाहन चालकों और छात्र-छात्राओं को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि आए दिन यहां सड़क हादसे होते रहते हैं, जिनमें कई बार स्कूली बच्चे और आम नागरिक भी इसका शिकार बन चुके हैं।
हालात को सुधारने के दावों के बीच इस सड़क के निर्माण के लिए करीब 11 लाख रुपये का टेंडर पास हुआ था। छह-सात महीने पहले पास हुए इस बजट के बाद दो हफ्ते पहले इस सड़क का काम कागजों से निकलकर जमीन पर शुरू तो करवाया गया, लेकिन धरातल पर जो सच्चाई सामने आई है, उसने विकास कार्यों की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा कोई नई सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा, बल्कि सड़क के कुछ हिस्सों में केवल खानापूर्ति की जा रही है।
मौके पर स्थिति यह है कि ठेकेदार द्वारा पुरानी उबड़-खाबड़ इंटरलॉकिंग टाइल्स को निकालकर केवल उनमें मिट्टी भरी जा रही है और फिर से वही पुरानी टूटी-फूट टाइल्स वापस लगाई जा रही हैं। सड़क निर्माण में न तो सीमेंट का इस्तेमाल हो रहा है और न ही कंक्रीट या बजरी का उपयोग किया जा रहा है। काम शुरू होने के बाद सड़क के स्तर को और अधिक ऊपर-नीचे कर दिया गया है, जिससे रात के समय दोपहिया वाहन चालकों का यहां से निकलना और भी ज्यादा खतरनाक हो गया है। कई लोग अपनी बाइक और स्कूटर पंचर होने तथा गिरने की शिकायत लेकर आ रहे हैं।
जब इस संबंध में स्थानीय लोगों ने काम कर रहे ठेकेदार से बात की, तो उनका यही कहना था कि सड़क को ऊंचा करना है और पानी का बहाव साइड को करना है, लेकिन धरातल पर काम का कोई नामोनिशान नहीं दिख रहा। स्थानीय निवासियों और बलवीर कुमार जैसे लोगों का कहना है कि अगर 11 लाख रुपये का भारी-भरकम बजट आया है, तो वह आखिर कहां जा रहा है? जब संबंधित विभाग के एसडीओ से बात की जाती है, तो उनका कहना होता है कि बरसात की वजह से काम में देरी हुई है, लेकिन सवाल यह है कि जो काम शुरू हुआ है, क्या वह महज खानापूर्ति बनकर रह जाएगा?
क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से पुरजोर मांग की है कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जाए। जनता ने चेतावनी दी है कि यदि इस सड़क को सीमेंट और कंक्रीट पक्का करके उच्च स्तर पर नहीं बनाया गया, तो आने वाली बारिश में यह सारी मिट्टी बह जाएगी और टाइलें फिर से उबड़-खाबड़ हो जाएंगी। इसलिए रमा चोपड़ा कॉलेज से आर्या कॉलेज तक की इस सड़क का निर्माण कायदे से पूरा और मजबूत करवाया जाए ताकि जनता को इस परेशानी से स्थाई मुक्ति मिल सके।













