चंबा में शिक्षक की क्रूरता: तीसरी कक्षा के छात्र की पिटाई, सुनने की क्षमता प्रभावित

चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक द्वारा तीसरी कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना में छात्र की सुनने की क्षमता प्रभावित हुई है।
घटना का विवरण

बच्चों की मां ने बताया कि, स्कूल के अध्यापक अश्वनी ने उनके बच्चे के कान पर इतनी ज़ोर से मारा कि बच्चे को तुरंत सुनना बंद हो गया।
माँ ने आगे बताया कि जब वे बच्चे को अस्पताल ले गईं और डॉक्टर को दिखाया, तो डॉक्टर ने बताया कि कान की नस बंद हो गई है। बच्चे का ऑपरेशन भी किया गया है, लेकिन इसके बावजूद उसे अभी भी सुनाई नहीं दे रहा है, जिससे उसके भविष्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

शिक्षक द्वारा धमकी
पीड़ित छात्र की माँ का आरोप है कि घटना सामने आने के बाद, आरोपी शिक्षक अश्वनी ने बच्चे और परिवार को धमकी दी है। शिक्षक ने धमकी दी है कि अगर उन्होंने इस मामले में आवाज़ उठाई, तो बच्चे को स्कूल से निकाल दिया जाएगा।

कार्रवाई की मांग
यह घटना सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े करती है। बच्चे के माता-पिता और स्थानीय लोग आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएँ दोबारा न हों।

शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन को इस मामले पर संज्ञान लेते हुए तुरंत जांच शुरू करनी चाहिए।








