पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा: टिप्पड़ ने ऑटो को मारी टक्कर, चालक समेत 9 घायल


मलिकपुर (पठानकोट), 11 जुलाई: पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर स्थित मलिकपुर के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। यहाँ तेज रफ्तार से आ रहे एक टिप्पड़ ने सवारियों से भरे एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। इस हादसे में ऑटो चालक समेत कुल 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

स्थानीय लोगों ने की मदद, पुलिस और एम्बुलेंस को दी सूचना
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को इस घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत ऑटो से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

कुछ घायलों की हालत बेहद गंभीर
मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल में उपचाराधीन कुछ घायलों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो में करीब 7 से 8 सवारियां मौजूद थीं और वे सियोड़े की तरफ जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे टिप्पड़ ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच के साथ-साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है।








