बड़ी खबर: चम्बा जिला परिषद पर कांग्रेस का परचम
सियासी ड्रामे के बाद रेखा देवी बनीं अध्यक्ष, लियाकत खान को मिली उपाध्यक्ष की कमान

चम्बा जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर शुक्रवार को जिला मुख्यालय में दिनभर भारी राजनीतिक सरगर्मियां बनी रहीं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुए इस कड़े मुकाबले में आखिरकार कांग्रेस ने बाजी मार ली। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपस्वाल की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसमें जिला परिषद के सभी 18 निर्वाचित सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

कांटे की टक्कर में दोनों पदों पर मिली 10-10 वोटों से जीत
चुनाव में सत्ताधारी दल और विपक्ष के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला। भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए मीनाक्षी तथा उपाध्यक्ष पद के लिए सुनील शर्मा को मैदान में उतारा था। वहीं, कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष पद के लिए रेखा देवी और उपाध्यक्ष पद के लिए लियाकत खान प्रत्याशी थे।
मतगणना के बाद आए नतीजों ने कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल ला दिया। कांग्रेस की रेखा देवी ने 10 मत प्राप्त कर जिला परिषद अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस के लियाकत खान ने 10 मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ एक-दूसरे को बधाई दी।
पहले दिन टल गया था चुनाव
गौरतलब है कि ठीक एक दिन पहले (गुरुवार को) भी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव निर्धारित थे। लेकिन किसी भी पक्ष के प्रत्याशी के नामांकन प्रक्रिया में उपस्थित न होने के चलते कोरम पूरा नहीं हो सका और चुनाव टालना पड़ा था। शुक्रवार को कड़ी घेराबंदी के बीच चुनाव संपन्न होने के साथ ही जिला परिषद को नया नेतृत्व मिल गया।

चम्बा के इतिहास में पहली बार मुस्लिम उपाध्यक्ष: लियाकत खान
जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष रेखा देवी और उपाध्यक्ष लियाकत खान ने अपनी जीत का श्रेय कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व और सभी जिला परिषद सदस्यों को दिया। उन्होंने संकल्प लिया कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जिले के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
विशेष तौर पर, नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष लियाकत खान ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा:
”हिमाचल प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार है जब कांग्रेस ने किसी मुस्लिम प्रतिनिधि को जिला परिषद उपाध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनाया और सदस्यों ने उन पर भरोसा जताया। मैं इस सम्मान के लिए पार्टी नेतृत्व और सभी निर्वाचित सदस्यों का आभार व्यक्त करता हूँ।”
दिग्गजों की मौजूदगी में कांग्रेस ने भरी हुंकार
इस ऐतिहासिक जीत के दौरान कांग्रेस के कई बड़े चेहरे जिला मुख्यालय में डटे रहे। मौके पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, चम्बा के विधायक नीरज नैयर और पूर्व मंत्री आशा कुमारी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का बयान:
”हमें पहले से पूरा विश्वास था कि कांग्रेस के उम्मीदवार ही जीत दर्ज करेंगे। पंचायतों और नगर निकायों के बाद अब जिला परिषद में भी कांग्रेस का परचम लहराना इस बात का साफ संकेत है कि जनता का भरोसा कांग्रेस के साथ है। यह जीत आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भी एक बेहद सकारात्मक और मजबूत संदेश है।”








