सेब सीजन में बंद न हों भरमौर की सड़कें, पीडब्ल्यूडी उठाए विशेष कदम: ललित ठाकुर
भरमौर में पहली बार सेब सीजन की तैयारियों को लेकर आयोजित हुई समीक्षा बैठक

भरमौर (चंबा): आगामी सेब सीजन के दौरान बागवानों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसे लेकर जिला मार्केट कमेटी के अध्यक्ष ललित ठाकुर की अध्यक्षता में भरमौर में एक विशेष समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। भरमौर के इतिहास में इस तरह की समीक्षा बैठक पहली बार आयोजित की गई है। बैठक में एडीएम भरमौर विकास शर्मा, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता भाल सिंह, किसान सेब फल उत्पादक संगठन के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर सहित उद्यान और कृषि विभाग के आला अधिकारी व स्थानीय बागवान मौजूद रहे।
कागजों पर नहीं, मौके पर दिखनी चाहिए मशीनें
मार्केट कमेटी के अध्यक्ष ललित ठाकुर ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अगले महीने से सेब मंडियों तक पहुंचने का काम शुरू हो जाएगा। इसलिए सभी संपर्क मार्गों को हर समय सुचारु रखा जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा:
”सड़कें खोलने का कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मौके पर मशीनें समय पर काम करती दिखाई देनी चाहिए। खराब सड़कों के कारण सरकार की छवि धूमिल हो रही है, इसलिए सड़कों की हालत में तुरंत सुधार किया जाए।”
उन्होंने उद्यान विभाग से पिछले वर्ष सड़कें बंद रहने के कारण खराब हुए सेब की विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की है।

व्हाट्सएप ग्रुप से होगी रियल-टाइम मॉनिटरिंग
बागवानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ललित ठाकुर ने एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए। इस ग्रुप में एडीएम, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी, जिला मार्केट कमेटी अध्यक्ष और स्थानीय किसान-बागवान शामिल होंगे। इसके जरिए बागवान सड़क अवरुद्ध होने या सेब की खेप निकालने संबंधी जानकारी तुरंत साझा कर सकेंगे, ताकि समय रहते कदम उठाए जा सकें।
सीवरेज समस्या और कोल्ड स्टोर पर कड़े निर्देश
- खेतों की बर्बादी पर चिंता: बैठक में थला क्षेत्र के किसानों ने शिकायत की कि सीवरेज की समस्या के कारण उनके खेत बर्बाद हो रहे हैं और वे अपने खेतों तक भी नहीं पहुंच पा रहे हैं। ललित ठाकुर ने इस पर गहरी चिंता जताते हुए प्रशासन को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
- कोल्ड स्टोर के लिए जगह तलाशने के निर्देश: होली और भरमौर क्षेत्र के बागवानों को फसल के बेहतर भंडारण की सुविधा देने के लिए अधिकारियों को उपयुक्त स्थान तलाशने के निर्देश दिए गए हैं।
कृषि मंडी के लिए 12 बीघा जमीन की तलाश, बजट की कमी नहीं
ललित ठाकुर ने बताया कि भरमौर में एक आधुनिक कृषि मंडी स्थापित करने के लिए करीब 12 बीघा भूमि की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों और बागवानों से उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का आग्रह करते हुए कहा:
”भवन निर्माण और जनहित के कार्यों के लिए सरकार के पास बजट की कोई कमी नहीं है। विकास कार्यों में धन को आड़े नहीं आने दिया जाएगा।”

इसके साथ ही उन्होंने कृषि विभाग से भरमौर में कृषि योग्य भूमि और यहां उगाई जाने वाली प्रमुख फसलों की विस्तृत जानकारी मांगी है, ताकि किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी योजनाएं बनाई जा सकें।








