निहरी में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: देवदार के 25 लट्ठों के साथ पिकअप जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार
च्योरा संरक्षित वन क्षेत्र से काटे गए थे 9 पेड़; दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

निहरी क्षेत्र के जयदेवी वन परिक्षेत्र की रात्रि गश्त टीम ने रविवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने च्योरा डिमार्केटेड संरक्षित वन क्षेत्र में छापेमारी कर देवदार की अवैध लकड़ी से भरी एक पिकअप को अपने कब्जे में लिया है। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

रात 2 बजे हुई छापेमारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उप वन क्षेत्राधिकारी रामलाल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम इलाके में मुस्तैद थी। रविवार देर रात करीब 2 बजे टीम ने देखा कि 5 लोग एक पिकअप गाड़ी में देवदार की लकड़ी लोड कर रहे थे। वन कर्मियों को अपनी ओर आता देख आरोपी घबरा गए। इनमें से दो आरोपी घने जंगल और अंधेरे का लाभ उठाकर रफूचक्कर हो गए, जबकि मुस्तैद वन कर्मियों ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा।
25 लट्ठे बरामद, 1.40 लाख है कीमत
वन विभाग ने कार्रवाई के दौरान पिकअप वाहन से देवदार के 10 लट्ठे और सड़क किनारे छिपाकर रखे गए 15 अन्य लट्ठे (कुल 25 लट्ठे) बरामद किए हैं। निरीक्षण के दौरान यह बात भी सामने आई कि तस्करों ने च्योरा संरक्षित वन क्षेत्र से देवदार के कुल 9 पेड़ों को काटा था। इनमें:
-
- चतुर्थ श्रेणी के वृक्ष: 06
- पंचम श्रेणी के वृक्ष: 03
लकड़ी का विवरण: बरामद की गई लकड़ी का कुल आयतन 1.230 घन मीटर मापा गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.40 लाख रुपए आंकी गई है।

अवैध गतिविधियों पर कड़ा अंकुश: डीएफओ
मामले की पुष्टि करते हुए डीएफओ राकेश कटोच ने बताया कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा:
“जून, 2023 से लेकर अब तक वन मंडल में कुल 67 विशेष जंगल चेकिंग अभियान चलाए जा चुके हैं। इन लगातार हो रही गशतों और अभियानों के कारण ही क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में बड़ी मदद मिली है।”
थाना बीएसएल में मामला दर्ज
उधर, पुलिस भी इस मामले में मुस्तैदी से जुट गई है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि वन विभाग से मिली शिकायत के आधार पर थाना बीएसएल (BSL) में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार दो अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है।








