अमरनाथ यात्रा को लेकर पंजाब पुलिस और सेना का बड़ा कदम; सुंदरनगर में चलाया संयुक्त ‘कासो’ ऑपरेशन

पठानकोट/पंजाब: पंजाब पुलिस और भारतीय सेना ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। सीनियर अधिकारियों के दिशा-निर्देशों पर आज दोनों बलों ने सुंदरनगर इलाके में संयुक्त रूप से एक विशेष ‘कासो’ (CASO – Cordons and Search Operation) ऑपरेशन चलाया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों और तत्वों पर पैनी नजर रखी गई।
शरारती तत्वों और नशे के कारोबार पर कसेगा शिकंजा
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी दविंदर काशनी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सक्रिय शरारती तत्वों और नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह से रोक लगाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाहरी और संदिग्ध लोगों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा चाक-चौबंद
आने वाली अमरनाथ यात्रा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और भी मजबूत किया जा रहा है। डीएसपी काशनी ने कहा:
”माननीय डीजी साहब और डीआईजी (बॉर्डर रेंज) व एसएसपी साहब की हिदायतों के मुताबिक यह कासो ऑपरेशन किया जा रहा है। यात्रा शुरू होने वाली है, जिसे मद्देनजर रखते हुए पूरे एरिया को अच्छी तरह सैनिटाइज किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुखद संपन्न हो सके।”

पुलिस की जनता से अपील: पहचान रखी जाएगी गुप्त
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। डीएसपी ने कहा कि अगर किसी को भी अपने इलाके में कोई संदिग्ध या अनजान व्यक्ति दिखाई देता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी, इसलिए किसी को भी डरने की आवश्यकता नहीं है।








