अज्ञात शरारती तत्वों ने फूकी मोटरसाइकिल, धमाके से सहमा गांव
लंबागांव थाना के तहत अप्पर ठेहड़ू पंचायत के चंद्रोण की घटना; पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

लंबागांव (बैजनाथ):पुलिस थाना लंबागांव के तहत आने वाली ग्राम पंचायत अप्पर ठेहड़ू के चंद्रोण गांव में बीती रात अज्ञात शरारती तत्वों ने सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में बाइक पूरी तरह से जलकर राख हो गई है। घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।

देर रात धमाके से खुली नींद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रोण गांव के निवासी दीपक कुमार, जो पेशे से इलेक्ट्रिशियन हैं, ने बुधवार को रोजाना की तरह अपनी मोटरसाइकिल (बाइक) को घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे पार्क किया था। देर रात करीब 1:30 बजे अचानक एक जोरदार धमाके की आवाज हुई, जिससे ग्रामीणों की नींद खुल गई। जब लोग आवाज की दिशा में मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि दीपक की मोटरसाइकिल धू-धू कर जल रही थी।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाई आग
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते बाइक कंकाल में बदल गई। ग्रामीणों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।

बढ़ रही हैं आपराधिक गतिविधियां, सहमे लोग
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में शरारती तत्वों का हौसला लगातार बढ़ता जा रहा है। इस घटना से पहले भी इलाके के एक मंदिर में चोरी और तोड़फोड़ की वारदातें सामने आ चुकी हैं। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से शांतिप्रिय इलाके के लोगों में डर और असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज:
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा








