गुरदासपुर में दिनदहाड़े गुंडागर्दी: बंदूक की नोक पर पत्रकार के कर्मचारी से बाइक छीनी, पेट्रोल पंप पर 5 राउंड फायरिंग से दहशत

- सनसनीखेज: चावा गांव से गनपॉइंट पर छीनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, जगतपुर कलां के पेट्रोल पंप पर की हवाई फायरिंग।
- सवालों में पुलिस: पीड़ित का दावा- सूचना देने के बाद भी देरी से पहुंची पुलिस, तब तक वारदात कर फरार हो चुके थे लुटेरे।
पुराना शाला/गुरदासपुर (ब्यूरो): पुलिस स्टेशन पुराना शाला के अधीन आते गांव जगतपुर कलां और चावा इलाके में उस समय भारी दहशत का माहौल बन गया, जब दो अज्ञात नकाबपोश लुटेरों ने दिनदहाड़े मुकेरियां-गुरदासपुर मेन रोड पर एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने पहले बंदूक की नोक पर एक पत्रकार के कर्मचारी से उसकी मोटरसाइकिल छीनी और फिर भागते हुए जगतपुर कलां स्थित एक पेट्रोल पंप पर सरेआम चार से पांच राउंड फायरिंग की। घटना के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

लिफ्ट मांगकर बाइक पर बैठे थे लुटेरे, कान पर तानी पिस्तौल
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए गांव चावा स्थित ‘पंडित आटा चक्की’ के मालिक व पत्रकार अशोक शर्मा के कर्मचारी प्रकाश ने बताया कि वह रोजाना की तरह आटा मिल पर काम करता है। वह किसी निजी काम से अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर नवांशाला बाजार गया था।
वहां उसे दो अज्ञात युवक मिले, जिनमें से एक ने अपना मुंह कपड़े से बांधा हुआ था। आरोपियों ने प्रकाश से चावा गांव तक के लिए लिफ्ट मांगी। प्रकाश ने इंसानियत के नाते दोनों को अपनी बाइक पर पीछे बैठा लिया। लेकिन जैसे ही वे चावा गांव में आटा चक्की के पास पहुंचे, लुटेरों ने अचानक प्रकाश के कान पर पिस्तौल तान दी। आरोपियों ने चक्की पर रुकने के बजाय उसे डरा-धमका कर चावा की दूसरी तरफ ले गए।
जिम के सामने छीनी बाइक, पेट्रोल पंप पर की ताबड़तोड़ फायरिंग
पीड़ित प्रकाश ने बताया कि चावा गांव से थोड़ा आगे निकलते ही एक जिम के सामने लुटेरों ने उसे धक्का देकर मोटरसाइकिल छीन ली। इसके बाद लुटेरे बाइक लेकर मेन रोड पर स्थित जगतपुर कलां गांव के ‘श्री राम पेट्रोल पंप’ की सीमा में घुस गए। वहां उन्होंने दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवा में ताबड़तोड़ चार से पांच राउंड फायरिंग की।
पंप के आसपास रहने वाले स्थानीय परिवारों ने फायरिंग की पुष्टि करते हुए बताया कि गोलियों की आवाज सुनकर जब तक वे बाहर आए, तब तक लुटेरे मोटरसाइकिल सहित रफूचक्कर हो चुके थे।
पंप मालिक बोले- ‘कभी नहीं मिली धमकी, सहमे हुए हैं कर्मचारी’
पेट्रोल पंप के मालिक शिवांक महाजन ने इस खौफनाक मंजर की पुष्टि करते हुए बताया कि मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उनके पंप के आंगन में आकर फायरिंग की। इनमें से एक फायर बिल्कुल सामने की तरफ और चार हवाई फायर किए गए। गनीमत रही कि इस गोलाबारी में कोई घायल नहीं हुआ। महाजन ने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और न ही कभी कोई धमकी भरा फोन आया है। इस घटना के बाद से पंप के कर्मचारी और इलाके के लोग बुरी तरह सहमे हुए हैं।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
इस वारदात को लेकर पत्रकार अशोक शर्मा ने जिले की कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि गुरदासपुर में दिनदहाड़े ऐसी वारदातें होना बेहद चिंताजनक है।
अशोक शर्मा ने खुलासा किया कि जैसे ही लुटेरों ने बंदूक की नोक पर उनके कर्मचारी से कीमती स्प्लेंडर मोटरसाइकिल छीनी, पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी थी। लेकिन पुलिस की सुस्ती का आलम यह रहा कि जब तक पुलिस चावा गांव पहुंची, तब तक लुटेरे जगतपुर कलां के पेट्रोल पंप पर फायरिंग की दूसरी वारदात को भी अंजाम देकर सुरक्षित भाग निकलने में कामयाब हो चुके थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।








