बठिंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 चोरीशुदा मोटरसाइकिलों के साथ गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार

बठिंडा : शहर और आसपास के इलाकों में बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए बठिंडा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस कप्तान (SSP) के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए सी.आई. स्टाफ-2 की टीम ने एक सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के कुल 20 चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
थाना कोतवाली के प्रभारी करण सिंह ने बताया कि 7 अप्रैल को पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि जसप्रीत सिंह उर्फ छोटा, हरदर्शन सिंह उर्फ मोटा और सुखविंदर सिंह उर्फ मोटा नामक युवक शहर में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने गुरु तेग बहादुर टैक्सी स्टैंड (संतपुरा रोड) के पास नाकाबंदी की और तीनों आरोपियों को एक चोरी के मोटरसाइकिल सहित रंगे हाथों काबू कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- जसप्रीत सिंह उर्फ छोटा: पुत्र कश्मीर सिंह (निवासी गांव तिड़ोना)
- हरदर्शन सिंह उर्फ मोटा: पुत्र गुरदेव सिंह (निवासी गांव तिड़ोना)
- सुखविंदर सिंह उर्फ मोटा: पुत्र बलकेश सिंह (निवासी गांव घुंदा, हाल आबाद बादशाही ठाडरी)
भीड़भाड़ वाले इलाकों को बनाते थे निशाना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। वे मुख्य रूप से शॉपिंग मॉल, बैंकों और पार्किंग स्थलों जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की रेकी करते थे और सुरक्षा में चूक पाकर वाहनों को उड़ा ले जाते थे।

विभिन्न स्थानों से हुई बरामदगी
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नहर पुल झीड़ बहिमट और 400 किलो ग्रेन सेंटर क्षेत्र से 19 अन्य मोटरसाइकिल बरामद किए। बरामद किए गए सभी 20 मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट के थे, जिन्हें आरोपियों ने छिपाकर रखा था।
“आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान पूछताछ में कई और अहम खुलासे होने और अन्य चोरीशुदा वाहनों की बरामदगी की पूरी संभावना है।” > — करण सिंह, थाना प्रभारी








