एसएसपी के नेतृत्व में शहर के मुख्य बाज़ारों से गुज़रा पुलिस बल, असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी।

पठानकोट 19 अक्टूबर : पठानकोट में आगामी त्योहारों (जैसे: दीपावली/ विश्वकर्मा डे / भाई दूज) के मद्देनज़र कानून व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के उद्देश्य से ज़िला पुलिस ने आज शहर में एक विशाल फ्लैग मार्च निकाला।
एसएसपी पठानकोट Diljinder Singh Dhillon के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से शुरू हुआ और शहर के मुख्य बाज़ारों जैसे: गांधी चौक, वाल्मीकि चौक तथा डलहौज़ी रोड से होते हुए पुनः पुलिस लाइन में समाप्त हुआ।

इस मार्च में ज़िला पुलिस के अधिकारियों के साथ-साथ जवानों ने भी हिस्सा लिया। पुलिस की टुकड़ी ने पूरे रूट पर व्यवस्थित तरीके से मार्च किया, जिससे नागरिकों को सुरक्षा का स्पष्ट संदेश दिया गया। एसएसपी पठानकोट Diljinder Singh Dhillon ने कहा, “त्योहारों का समय है, और हम ज़िले में अमन-शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। फ्लैग मार्च का उद्देश्य जनता को यह आश्वस्त करना है कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हर पल तत्पर है।”

उन्होंने असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि शांति भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के ख़िलाफ़ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी पठानकोट Diljinder Singh Dhillon ने शहर की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि यदि उन्हें कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे, तो वे तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।

फ्लैग मार्च के दौरान, स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।








