हैवानियत: स्कूल जा रही मासूम को पड़ोसी ने किया अगवा, श्मशान घाट ले जाकर की दरिंदगी

लुधियाना :थाना जमालपुर के अंतर्गत आते क्षेत्र साहिबाना में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। एक 35 वर्षीय कलयुगी पड़ोसी ने अपनी हवस मिटाने के लिए स्कूल जा रही एक नाबालिग छात्रा को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। आरोपी ने मासूम को जान से मारने की धमकी देकर अगवा किया और श्मशान घाट ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
डरा-धमकाकर बाइक पर किया अगवा
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 14 वर्षीय पीड़िता बीती 1 अप्रैल को सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकली थी। जैसे ही वह गली से कुछ दूर पहुंची, पड़ोस में रहने वाले आरोपी नीरज कुमार ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने छात्रा को मौत का डर दिखाया और जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी काफी देर तक मासूम को राम नगर की गलियों में घुमाता रहा और डरा-धमकाकर उस पर शादी करने का दबाव बनाता रहा।

श्मशान घाट में तार-तार की अस्मत
जब छात्रा ने रोते हुए घर जाने की गुहार लगाई, तो आरोपी उसे गांव साहिबाना के श्मशान घाट ले गया। वहां उसने सुनसान जगह का फायदा उठाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को बदहवास हालत में मोहल्ले के पास छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता ने घर पहुंचकर अपनी मां को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। जमालपुर पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी नीरज कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

कोट (पुलिस अधिकारी):
“पीड़िता की माता के बयानों पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं, उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”








