साहनेवाल में रफ़्तार का कहर: बेलगाम ट्राले ने स्कूटी को कुचला, 17 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत

साहनेवाल (लुधियाना): रफ़्तार के जुनून और लापरवाही ने एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। साहनेवाल के कैरो अस्पताल के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोरी सोनाली कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना रोंगटे खड़े कर देने वाला था कि जिसने भी देखा उसकी रूह कांप गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्राला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

फैक्ट्री जा रही थी सोनाली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनाली कुमारी अपनी चाची और ताई अहिल्या देवी के साथ इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी पर सवार होकर साहनेवाल स्थित एक पापड़ फैक्ट्री में काम पर जा रही थी। जैसे ही उनकी स्कूटी कैरो अस्पताल के पास पहुंची, साहनेवाल चौक की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात घोड़ा-ट्राला ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
सिर के ऊपर से गुजरा टायर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पर सवार तीनों महिलाएं सड़क पर जा गिरीं। इसी दौरान अनियंत्रित ट्राले का पिछला टायर सीधे सोनाली के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसकी ताई और चाची को भी चोटें आई हैं, लेकिन अपनी आंखों के सामने अपनी भतीजी की ऐसी हालत देख वे सदमे में हैं।
“हादसे के बाद आरोपी चालक फरार होने में कामयाब रहा। हमने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और ट्राला कब्जे में लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी है।”
— पुलिस प्रशासन, थाना साहनेवाल

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सोनाली की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








