करालघाट कांड का सनसनीखेज खुलासा: शादी से इनकार पर पहले प्रेमिका का गला घोंटा, फिर खुद भी फंदे पर झूला
मर्डर के बाद सुसाइड: सोलन पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत आया सामने

सोलन: सोलन जिले के परवाणू पुलिस थाना के अंतर्गत करालघाट के घने जंगलों में 16 मार्च को हुई युवक-युवती की संदिग्ध मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मेडिकल रिपोर्ट और गहन जांच के बाद यह साफ हो गया है कि यह मामला ‘मर्डर के बाद सुसाइड’ का है। आरोपी युवक ने शादी के लिए राजी न होने पर पहले अपनी प्रेमिका का गला दबाकर हत्या की और फिर खुद पेड़ से लटककर जान दे दी।

शादी का दबाव बना कत्ल की वजह
पुलिस जांच के अनुसार, मृतक करण (22) और यशिका लामा (20) के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। करण, यशिका पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रहा था, लेकिन यशिका फिलहाल इसके लिए तैयार नहीं थी। घटना वाले दिन यानी 16 मार्च को यशिका अपनी सहेली से मिलने का बहाना बनाकर घर से निकली थी, जबकि करण ने भी अपने दोस्तों से मिलने की बात कही थी। दोनों करालघाट के एकांत जंगल में मिले, जहां शादी को लेकर हुई बहस के दौरान करण ने तैश में आकर यशिका की गला घोंटकर हत्या कर दी।
ऐसे हुआ मामले का पर्दाफाश
घटना का खुलासा 16 मार्च की शाम करीब 5:15 बजे हुआ, जब एक वाहन चालक मंदिर में माथा टेकने के लिए रुका था। उसने जंगल में पेड़ से लटके युवक के शव को देखकर तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस को युवक के शव के पास ही जमीन पर युवती का शव भी बरामद हुआ। मृतकों की पहचान करण (निवासी खील को मोड़) और यशिका लामा (मूल निवासी नेपाल, हाल निवासी देउंघाट) के रूप में हुई।

फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली परतें
मामले की गंभीरता को देखते हुए शवों का पोस्टमार्टम आईजीएमसी (IGMC) शिमला में करवाया गया था। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए थे।
-
- युवती की रिपोर्ट: मौत का कारण दम घुटना (गला दबाना) पाया गया।
- युवक की रिपोर्ट: मौत फंदे पर लटकने (Asphyxia due to hanging) के कारण हुई।
“पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिस्थितियों से यह साफ हो गया है कि युवक ने पहले युवती की हत्या की और फिर स्वयं आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में शादी को लेकर उपजा विवाद ही मुख्य कारण सामने आया है। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।”
— गौरव सिंह, एसपी सोलन








