मनाली में बड़ा हादसा टला: कुलंग के पास खाई में गिरी पर्यटकों की जीप, सात घायल

मनाली: हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में एक सड़क हादसे में कोलकाता के सात पर्यटक बाल-बाल बच गए। कुलंग क्षेत्र के पास सोलंगनाला की ओर जा रही पर्यटकों से भरी एक जिप्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों की मुस्तैदी और समय पर मिली मदद से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

फिसलन बनी हादसे का कारण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलकाता से आए सात पर्यटक एक जिप्सी में सवार होकर मनाली से सोलंगनाला की सैर पर निकले थे। जैसे ही वाहन कुलंग क्षेत्र के पास पहुंचा, सड़क पर अत्यधिक फिसलन होने के कारण जीप अचानक स्किड कर गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और जीप सड़क से नीचे खाई में जा लुढ़की।
स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस
हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और खाई में फंसे सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए न पहुंचते, तो परिणाम घातक हो सकते थे।

पुलिस कर रही है जांच
हादसे की सूचना मिलते ही मनाली पुलिस की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। डीएसपी मनाली, केडी शर्मा ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया:
”प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण सड़क पर फिसलन की वजह से वाहन का स्किड होना पाया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि अन्य संभावित कारणों का पता लगाया जा सके।”








