पठानकोट में रसोई गैस की भारी किल्लत: कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क का गैस एजेंसी पर औचक छापा

पठानकोट: पठानकोट जिले में रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडरों के लिए मची त्राहि-त्राहि और जनता की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच आज कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क एक्शन मोड में नजर आए। मंत्री ने गुरुवार तड़के ही तंगोशाह स्थित एक गैस एजेंसी पर अचानक छापा मारा, जिससे विभाग और एजेंसी मालिकों में हड़कंप मच गया।

सुबह 4 बजे से कतारों में खड़े थे सैकड़ों लोग
कैबिनेट मंत्री सुबह करीब 9 बजे तारागढ़-तंगोशाह स्थित ‘दीनानगर गैस सर्विस एजेंसी’ पहुंचे। वहां का मंजर देखकर मंत्री भी दंग रह गए; करीब 300 से 400 लोग सुबह 4 बजे से ही कतारों में लगे हुए थे। स्थानीय निवासियों ने मंत्री को अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि वे पिछले तीन दिनों से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

DFSC को लगाई फटकार, कार्रवाई के दिए निर्देश
मौके पर अव्यवस्था देख मंत्री कटारूचक्क ने तुरंत जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) राज ऋषि मेहरा को फोन लगाया और कड़ी फटकार लगाई। मंत्री ने पाया कि मौके पर एजेंसी का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था और केवल एक स्टोर कीपर के भरोसे काम चल रहा था, जो गोदाम खोलने में आनाकानी कर रहा था।

“जनता की परेशानियों का मजाक उड़ाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी एजेंसी मालिक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं या जानबूझकर किल्लत पैदा कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।”
— लाल चंद कटारूचक्क, कैबिनेट मंत्री

खुद चाबी लेकर खुलवाया गोदाम
मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए खुद गोदाम की चाबियां लीं और स्टॉक की जांच की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जनता को आ रही किसी भी असुविधा को बर्दाश्त नहीं करेगी।
विधानसभा में भी गूंजा मुद्दा
प्रेस से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में भी रसोई गैस की इस किल्लत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया है और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में जिले की अन्य गैस एजेंसियों की भी औचक चेकिंग की जाएगी और अनियमितता पाए जाने पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।








