नित्थर-कोयल मार्ग पर दर्दनाक हादसा: 400 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चालक की मौत

कुल्लू/निरमंड: जिला कुल्लू के अंतर्गत आते नित्थर-कोयल-बायल मार्ग पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। यहां ‘जीरो प्वाइंट’ के पास एक हुंडई कार अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हृदयविदारक घटना में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
पेड़ में फंसी कार, काफी दूर मिला शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दूनी चंद (40 वर्ष), निवासी गांव शोचा देहरा (पंचायत नित्थर) के रूप में हुई है। दूनी चंद पटेल इंजीनियरिंग लूहरी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट में चालक के पद पर कार्यरत थे। बुधवार रात जब वह अपनी कार (नंबर HP 35AA 0685) से जा रहे थे, तभी जीरो प्वाइंट के पास वाहन पर से नियंत्रण खो गया। कार सड़क से नीचे लुढ़कते हुए कई पलटे खाकर गहरी खाई में चली गई और अंततः एक चीड़ के पेड़ में जाकर फंस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूनी चंद का शव गाड़ी से छिटककर काफी दूर जा गिरा।

रेस्क्यू में आई भारी दिक्कतें
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। खाई की गहराई और अंधेरा होने के कारण शव को बाहर निकालने में पुलिस और ग्रामीणों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वीरवार सुबह शव को खाई से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल निरमंड पहुंचाया गया।

पुलिस की कार्रवाई
डीएसपी आनी, राजीव मेहता ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि हादसा किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या मानवीय चूक की वजह से।








