दुगरी: मासूमों पर हैवानियत, 13 साल की जांबाज बेटी ने बचाई अपनी और भाई की जान
चाकू की नोक पर दरिंदगी की कोशिश; आरोपी मोहम्मद कलाम फरार, पुलिस ने दर्ज किया मामला

लुधियाना : महानगर के थाना दुगरी क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक दरिंदे ने घर में अकेले दो मासूम बच्चों को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। हालांकि, 13 वर्षीय मासूम बच्ची की जांबाजी और हिम्मत के आगे आरोपी के मंसूबे नाकाम रहे, लेकिन विरोध करने पर आरोपी ने मासूम को लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद कलाम के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

कमरे का मंजर देख सहम गया पिता
पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना बीती 10 मार्च की है। वह काम पर गया था और घर पर उसकी 13 वर्षीय बेटी और 3 वर्षीय बेटा अकेले थे। शाम करीब 4:30 बजे जब वह वापस लौटा, तो कमरे का कुंडा बाहर से लगा हुआ था। दरवाजा खोलते ही पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर दोनों बच्चे दहशत में थे और बेटी के मुंह से खून बह रहा था।
चाकू दिखाकर दी जान से मारने की धमकी
मासूम ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि आरोपी मोहम्मद कलाम जबरन कमरे में दाखिल हुआ और चाकू दिखाकर दोनों को चुप रहने को कहा। आरोपी ने मासूम बच्ची पर कपड़े उतारने का दबाव बनाया और अश्लील हरकतें करने की कोशिश की।

बेटी की बहादुरी ने दरिंदे को भागने पर किया मजबूर
जब बच्ची ने अपनी अस्मत बचाने के लिए आरोपी का डटकर विरोध किया, तो हैवानियत पर उतरे कलाम ने मासूम की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच बहादुर बेटी ने शोर मचाते हुए कहा कि “पापा आने वाले हैं।” पकड़े जाने के डर से आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई:
“पिता के बयान के आधार पर आरोपी मोहम्मद कलाम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं और आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”
— थाना प्रभारी, दुगरी








