चक्की रेलवे पुल के अस्तित्व पर मंडराया खतरा: नूरपुर पुलिस ने खनन माफिया पर कसा शिकंजा, 4 वाहन जब्त
बड़ी कार्रवाई: चक्की पुल के ठीक नीचे चल रही थी जेसीबी, पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा; मामला कोर्ट पहुंचा

नूरपुर: ( ऋषि महाजन)अवैध खनन के खिलाफ नूरपुर पुलिस ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। इस बार पुलिस ने चक्की रेलवे पुल और सरकारी संपत्ति को निशाना बना रहे खनन माफिया के खिलाफ बड़ी स्ट्राइक करते हुए 4 वाहनों को जब्त किया है। गौर करने वाली बात यह है कि पूर्व में बरसात के दौरान यही पुल अवैध खनन की भेंट चढ़ चुका है, लेकिन माफिया अब भी बाज नहीं आ रहा है।

पुल के पिलरों के पास खुदाई, ढांचा हुआ असुरक्षित
पुलिस चौकी नगरोटा सूरियां की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चक्की खड्ड क्षेत्र में छापेमारी की। यहाँ रेलवे पुल के बिल्कुल नीचे एक जेसीबी (JK14L-1178) और एक ट्रैक्टर (JK19A-7006) सरेआम अवैध खुदाई कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, पुल के इतने नजदीक खनन होने से इसके बुनियादी ढांचे को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। पुलिस ने तुरंत दोनों वाहनों को माइनिंग एक्ट के तहत जब्त कर लिया।
इन क्षेत्रों में भी हुई कार्रवाई
-
- गुहण क्षेत्र: पुलिस ने खड्ड में अवैध खनन करते हुए एक ट्रैक्टर (HP97A-4715) को पकड़ा।
- सदवां क्षेत्र: पुलिस पोस्ट सदवां की टीम ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए खड्ड के मुहाने से एक अन्य ट्रैक्टर (HP38J-2209) को जब्त किया।
“सरकारी संपत्ति और पुलों को नुकसान पहुँचाने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनन माफिया के खिलाफ यह अभियान और तेज होगा।”
— पुलिस जिला, नूरपुर

न्यायालय भेजे मामले
इस पूरे अभियान के दौरान कुल 4 चालान किए गए और सभी वाहनों को मौके पर ही इम्पाउंड कर दिया गया। पुलिस ने सभी संबंधित मामलों को नूरपुर न्यायालय में भेज दिया है। कंडवाल में पहले भी पुल टूटने से भारी नुकसान हो चुका है, जिसे देखते हुए इस बार पुलिस की यह कार्रवाई काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।








