घुमारवीं: घरेलू सहायिका ने साथी के साथ मिलकर मालकिन को पीटा, नकदी और चेन लूटकर फरार

घुमारवीं (बिलासपुर):बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत कसारू में विश्वास को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक घरेलू सहायिका (नौकरानी) ने अपनी एक महिला साथी के साथ मिलकर अपनी ही मालकिन पर जानलेवा हमला किया और घर में लूटपाट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गईं।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस को दी गई शिकायत में कसारू निवासी पीड़िता सीमा देवी (50), पत्नी स्वर्गीय सुरेंद्र पाल ने बताया कि उन्होंने घर के कामकाज के लिए ज्योति नामक महिला को काम पर रखा था। ज्योति पिछले कुछ दिनों से बिना बताए काम से गायब थी।
अचानक बीते दिन ज्योति अपनी एक अन्य सहेली के साथ सीमा देवी के घर पहुंची। पीड़िता अभी उनसे आने का कारण पूछ ही रही थी कि दोनों महिलाओं ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हाथापाई और लूटपाट
पीड़िता के अनुसार, दोनों आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की। शोर मचाने और विरोध करने के बावजूद हमलावरों ने सीमा देवी से जबरन 20 हजार रुपए की नकदी छीन ली। हाथापाई के दौरान आरोपियों ने महिला के गले से सोने की चेन भी झपट ली और मौके से रफूचक्कर हो गईं।

पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़िता ने घुमारवीं थाना में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने सीमा देवी की शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी घुमारवीं, विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा:
“हमने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें काम कर रही हैं और मामले के हर पहलू की गहनता से छानबीन की जा रही है।








