मंडी: पंडोह के पास कार और बाइक की भीषण भिड़ंत, दो गंभीर रूप से घायल

मंडी/पंडोह : चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर पंडोह के समीप देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ एसबीआई (SBI) मोड़ के पास एक कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार और कार चालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जोनल अस्पताल मंडी रेफर किया गया है।

आमने-सामने की टक्कर में उड़े वाहनों के परखच्चे
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब पंजाब के लुधियाना (ताजपुर गांव) निवासी सतनाम सिंह अपनी बाइक पर मणिकरण की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुल्लू की तरफ से आ रहे धार झोल (मंडी) निवासी निशांत शर्मा की कार के साथ बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए और बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पंडोह पुलिस चौकी के हवलदार रजनीकांत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि:
”दोनों घायलों का फिलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है। मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।”








