केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने चंबा के तीसा और सलूनी में 25.86 करोड़ के विकास कार्यों की रखी आधारशिला
अल्पसंख्यक मंत्रालय के ‘प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम’ के तहत बनेंगे आईटीआई भवन और दो इंडोर स्टेडियम

चंबा (जितेंद्र मेहरा):केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को जिला चंबा के भंजराड़ू (तीसा) और सलूनी में ₹25.86 करोड़ की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। भारत सरकार के अल्पसंख्यक मंत्रालय द्वारा ‘प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम’ के तहत ये कार्य किए जा रहे हैं।
इन परियोजनाओं की रखी गई आधारशिला:
- तीसा (भंजराड़ू): ₹9.84 करोड़ की लागत से बनने वाला आईटीआई (ITI) भवन।
- तीसा इंडोर स्टेडियम: ₹7 करोड़ की लागत से निर्माण।
- सलूनी इंडोर स्टेडियम: ₹9.02 करोड़ की लागत से बनने वाला खेल परिसर।

11 वर्षों में विकास के नए आयाम: रिजिजू
जनसभाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में देश ने सड़क, बैंकिंग और इंटरनेट सेवाओं में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने घोषणा की कि तीसा का इंडोर स्टेडियम 18 महीने और सलूनी का स्टेडियम 20 महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। रिजिजू ने स्थानीय लोगों से केंद्र की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की और क्षेत्र की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

अल्पसंख्यक समुदाय के लिए बड़ी घोषणाएं:
मंत्री ने बताया कि अल्पसंख्यक मंत्रालय ने चंबा में उद्यमिता विकास के लिए ₹25 करोड़ खर्च किए हैं, जिससे 324 लाभार्थियों को 6% ब्याज पर ऋण दिया गया। शिक्षा के लिए विदेश जाने हेतु 3% ब्याज दर पर ₹25 लाख तक का लोन उपलब्ध है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष देश से 1.75 लाख मुस्लिम समुदाय के लोग हज यात्रा पर जाएंगे, जिनमें चंबा के 65 यात्री भी शामिल हैं।

सांसद और विधायक ने भी रखा पक्ष:
कार्यक्रम में कांगड़ा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने केंद्र की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि डलहौजी के विधायक डी.एस. ठाकुर ने क्षेत्र के विकास कार्यों का ब्योरा रखा और नई मांगें केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रस्तुत कीं। संयुक्त सचिव राम सिंह ने मंत्रालय की योजनाओं पर प्रकाश डाला।

ये रहे उपस्थित:
इस अवसर पर हज कमेटी अध्यक्ष दिलदार अली बट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज नरयाल, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, एसपी विजय सकलानी, एडीसी अमित मैहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।








