पंजाब: ‘मेरी रसोई योजना’ का विस्तार, अब गेहूं के साथ मिलेंगी 5 और वस्तुएं
करीब 40 लाख परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ; मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का जताया आभार

राज्य के जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत देते हुए पंजाब सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी ‘मेरी रसोई योजना’ के दायरे को बढ़ाने का फैसला किया है। अब लाभार्थियों को केवल गेहूं (कनक) ही नहीं, बल्कि रसोई के लिए अनिवार्य 5 अन्य खाद्य वस्तुएं भी सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस फैसले से प्रदेश के लगभग 40 लाख परिवारों को महंगाई से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

राशन किट में क्या-क्या होगा शामिल?
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार, अब लाभार्थियों को गेहूं के साथ हर महीने निम्नलिखित सामग्री दी जाएगी:
- चीनी: 2 किलोग्राम
- चने की दाल: 2 किलोग्राम
- नमक: 1 किलोग्राम
- हल्दी: 200 ग्राम
- सरसों का तेल: 1 लीटर
वितरण के लिए बनाए गए 4 सर्कल
योजना को पारदर्शी और नियमित बनाने के लिए सरकार ने इसे चार वितरण सर्कलों में विभाजित किया है:
- प्रथम सर्कल: 1 अप्रैल से प्रारंभ।
- द्वितीय सर्कल: जुलाई से।
- तृतीय सर्कल: अक्टूबर से।
- चतुर्थ सर्कल: जनवरी से।

मार्कफेड को मिली जिम्मेदारी, डिपो धारकों का बढ़ा मार्जिन
सामग्री की खरीद और गुणवत्ता सुनिश्चित करने का जिम्मा मार्कफेड को सौंपा गया है। वहीं, राशन वितरण प्रणाली को मजबूत करने के लिए डिपो संचालकों का मार्जिन बढ़ाकर 45 पैसे प्रति किलोग्राम कर दिया गया है, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
”यह फैसला आम लोगों की रसोई को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गरीब परिवार महंगाई के कारण पोषण से वंचित न रहे।”
— लाल चंद कटारूचक्क, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री, पंजाब








