काम पर निकला, झील में मिला: जवाली में 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी

जवाली (हिमाचल प्रदेश): कांगड़ा जिले के जवाली उपमंडल के तहत आने वाले रजवाल गाँव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लगभग एक सप्ताह से लापता 23 वर्षीय युवक सतीश कुमार का शव मंगलवार सुबह स्थाना के समीप पोंग झील के पानी में तैरता हुआ बरामद किया गया। सतीश की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है।
11 फरवरी से लापता था सतीश
मिली जानकारी के अनुसार, सतीश और उसके पिता टैरेस स्थित एक निजी फैक्ट्री में काम करते थे। बीते 11 फरवरी को सतीश हमेशा की तरह सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वह फैक्ट्री नहीं पहुंचा। शाम तक वापस न लौटने पर जब परिजनों ने तलाश शुरू की, तो उसकी बाइक, लंच बॉक्स और चाबी एक जगह मिले, जिससे मामले में रहस्य गहरा गया था। परिजनों ने तुरंत टैरेस पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

समाजसेवियों और पुलिस की टीम ने तलाशी ली
पुलिस की जाँच के साथ-साथ स्थानीय समाजसेवी रमेश दत्त कालिया और उनकी टीम (नूर मोहम्मद, सोनू अल्ली व अन्य) लगातार झील के किनारे और पानी के भीतर युवक की तलाश कर रहे थे। अंततः, मंगलवार को टीम को युवक का शव स्थाना के पास झील में मिला। सूचना मिलते ही रे पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव की पहचान सतीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (194 BNSS) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह कोई हादसा है, आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश।








