कठुआ में पाकिस्तानी नोट मिलने से हड़कंप, संदिग्ध आतंकियों की मौजूदगी के बीच हाई अलर्ट

जखोले (कठुआ): सीमावर्ती जिला कठुआ इन दिनों सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील दौर से गुजर रहा है। संदिग्ध आतंकियों की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी किए गए ‘हाई अलर्ट’ के बीच अब जखोले गांव में पाकिस्तानी 100 रुपये का नोट मिलने से सनसनी फैल गई है। इस घटना ने सुरक्षा बलों और खुफिया एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं।

ऐसे सामने आई घटना
जानकारी के अनुसार, सोमवार (16 फरवरी) सुबह करीब 11:30 बजे जखोले के धन्नी इलाके का एक स्थानीय निवासी अपने निजी कार्य से बाजार की ओर जा रहा था। जब वह धन्नी-रत्ती मैदान के पास पहुंचा, तो उसकी नजर रास्ते में पड़े एक नोट पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह पाकिस्तानी मुद्रा (100 रुपये का नोट) है।
ग्रामीण ने पहले आसपास के लोगों से इस संबंध में पूछताछ की, लेकिन जब कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिली, तो उन्होंने एक जिम्मेदार नागरिक का परिचय देते हुए तुरंत इसकी सूचना पुलिस पोस्ट जखोले को दी और नोट उनके सुपुर्द कर दिया।
एजेंसियों की बढ़ी चिंता, जांच शुरू
पुलिस ने नोट को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इस रिहायशी इलाके तक पाकिस्तानी करेंसी कैसे पहुंची। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि कहीं यह किसी घुसपैठिए या उनके मददगारों (OGWs) की गतिविधि का संकेत तो नहीं है।
5 संदिग्ध आतंकियों के पोस्टर जारी
गौरतलब है कि सुरक्षा एजेंसियों को जिले में घुसपैठ के पुख्ता इनपुट मिले हैं। इसके आधार पर प्रशासन ने 5 संदिग्ध आतंकियों की तस्वीरें भी सार्वजनिक की हैं। आशंका जताई जा रही है कि ये आतंकी इसी इलाके के जंगलों या किसी गुप्त ठिकाने पर छिपे हो सकते हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम:
- सर्च ऑप्रेशन: पूरे जिले में पुलिस, सेना और सीआरपीएफ का संयुक्त सर्च ऑप्रेशन तेज कर दिया गया है।
- नाकाबंदी: प्रमुख मार्गों और सीमा से सटे रास्तों पर नाके लगाकर वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है।
- अतिरिक्त बल: भीड़भाड़ वाले बाजारों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
- विशेष निगरानी: संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन और अन्य आधुनिक उपकरणों से नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु को देखते ही तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन नंबर पर सूचित करें। फिलहाल, जखोले में पाकिस्तानी नोट मिलने की घटना को एक बड़ी साजिश के नजरिए से देखा जा रहा है।








