पंजाब में कानून-व्यवस्था ठप, ड्रग्स की खुलेआम बिक्री; पाकिस्तान दुश्मन देश, कोई रिश्ता मंजूर नहीं: रंधावा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। रंधावा ने राज्य में चरमराई कानून-व्यवस्था, गैंगस्टरों के बढ़ते दबदबे और ड्रग्स तस्करी के मुद्दे पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। साथ ही, उन्होंने श्रीलंका में होने वाले भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया है।

गैंगस्टरों के खौफ में जी रही जनता
रंधावा ने पंजाब के वर्तमान हालातों पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में गैंगस्टरों का दबदबा इतना बढ़ गया है कि आम जनता खौफ में जीने को मजबूर है। पंजाब कांग्रेस के मजबूत होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार लोगों की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है।

ड्रग्स पर BSF की भूमिका पर सवाल
ड्रग्स के मुद्दे पर बोलते हुए रंधावा ने कहा कि राज्य में ड्रग्स खुलेआम बिक रहे हैं और हाल ही में सीमावर्ती इलाकों से ड्रग्स की बड़ी खेप जब्त की गई है। इसके लिए उन्होंने सीधे तौर पर केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। रंधावा ने सवाल उठाया कि जब पंजाब और जम्मू-कश्मीर की सीमा बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के कंट्रोल में है, तो पाकिस्तान से आने वाले ड्रग्स को रोकना केंद्र सरकार और BSF की बड़ी जिम्मेदारी है, जिसमें वे नाकाम साबित हो रहे हैं।
“पाकिस्तान दुश्मन, क्रिकेट मैच कैसा?”
श्रीलंका में होने वाले भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच पर कड़ा रुख अपनाते हुए रंधावा ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान हमारे देश का दुश्मन है और उसके साथ दुश्मन जैसा ही बर्ताव होना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमें पाकिस्तान के साथ कोई डील नहीं करनी चाहिए।” रंधावा ने कहा कि बॉर्डर पर रहने वाले लोग अच्छी तरह जानते हैं कि पाकिस्तान कैसे भारत के खिलाफ ‘प्रॉक्सी वॉर’ (छद्म युद्ध) लड़ रहा है। ऐसे में मैच खेलना उनकी हरकतों को नजरअंदाज करना है।








