सराभा नगर में हथियार के बल पर एक्टिवा लूटने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

लुधियाना के पॉश इलाके सराभा नगर में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक को तेजधार हथियारों के बल पर डरा-धमका कर उसकी एक्टिवा और अन्य सामान लूट लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा।
पार्किंग में खड़े युवक को बनाया निशाना
थाना सराभा नगर पुलिस को दी शिकायत में पुलिस कॉलोनी निवासी विजय कुमार ने बताया कि वह अपनी एक्टिवा पर किप्स मार्केट गए थे। जब वह वापस लौटकर डी-जोन के बाहर पार्किंग में खड़े थे, तभी दो युवक तेजधार हथियारों के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने विजय को डराया-धमकाया और जबरन उनकी एक्टिवा व अन्य कीमती सामान छीन लिया।
जान से मारने की धमकी देकर हुए फरार
पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने बचाव के लिए शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकियां दीं, जिससे वह डर गए। आरोपी एक्टिवा लेकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच के दौरान एक आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान भगत सिंह नगर निवासी रणवीर सिंह उर्फ लक्की के रूप में हुई है, जबकि उसका फरार साथी विजय कुमार बताया जा रहा है।

जांच अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, ताकि उससे पूछताछ की जा सके। वहीं, फरार दूसरे साथी की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








